मानगो को प्लास्टिक मुक्त और हरित बनाने, स्वर्णरेखा और खरकाई नदियों को प्रदूषण मुक्त बनाने की उठी मांग
जमशेदपुर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन, जिला पूर्वी सिंहभूम के बैनर तले मानगो स्थित सहारा सिटी में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संगठन द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधारोपण अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम में मानगो की मेयर सुधा गुप्ता और पार्षद काशिम राजा ने पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व सैनिक सुशील कुमार सिंह ने किया। इस दौरान संगठन के जिला अध्यक्ष एस.एन. पाल ने अतिथियों को अंगवस्त्र और पौधा भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में एस.एन. पाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि प्लास्टिक प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण भी समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि प्लास्टिक कचरा वर्षों तक नष्ट नहीं होता, जिससे भूमि, जलस्रोत और नदियां लगातार प्रदूषित हो रही हैं। वहीं तेजी से हो रहे शहरीकरण, बड़े भवनों के निर्माण और सड़क परियोजनाओं के कारण बड़ी संख्या में वृक्षों की कटाई हुई है, जिससे पर्यावरण असंतुलन और प्रदूषण की समस्या गंभीर होती जा रही है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अपनी माता के नाम और एक पौधा अपने नाम से अवश्य लगाए तथा उसकी देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखे। साथ ही बच्चों को भी पर्यावरण और वृक्षों के महत्व के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता है, ताकि आने वाली पीढ़ियां प्रकृति संरक्षण के प्रति संवेदनशील बन सकें।
इस अवसर पर मेयर को एक ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें मानगो क्षेत्र के पर्यावरणीय और सामाजिक विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं। ज्ञापन में मानगो को पूर्ण रूप से प्लास्टिक मुक्त बनाने, प्लास्टिक निर्माण और थोक कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने, कचरा एवं जैविक अपशिष्ट प्रबंधन के लिए रीसाइक्लिंग एवं कम्पोस्ट प्लांट स्थापित करने, भू-जल स्तर सुधारने के लिए व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने तथा मंदिरों से निकलने वाले फूल और पूजन सामग्री के वैज्ञानिक प्रबंधन की मांग की गई।
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अन्य विकास कार्यों में काटे गए वृक्षों के बदले प्रतिपूरक वृक्षारोपण सुनिश्चित करने, मानगो क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने तथा स्वर्णरेखा और खरकाई नदियों को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए ठोस कदम उठाने का भी आग्रह किया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि संगठन का लक्ष्य मानगो को स्वच्छ, सुंदर, हरित, अपराधमुक्त और नशामुक्त क्षेत्र के रूप में विकसित करना है। इस दिशा में भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन प्रशासन के साथ हरसंभव सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में सहारा सिटी के बुजुर्ग, महिलाएं, पुरुष और युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में कॉलोनी सचिव सुशील कुमार सिंह, बालेश्वर झा, सतीश चंद्र मिश्रा, अशोक गुप्ता, बी.के. सिंह, टी.पी. सिंह, एन. उपाध्याय, तापस मजूमदार, जटाशंकर, सी.डी. सिंह, उर्मिला संगीत, आराधना और प्रतिमा प्रसाद सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। वहीं भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन की ओर से धीरज कुमार झा, दुर्गा राव, मुकेश कुमार, रूपम राय, प्रभात कुमार, अशोक खंडेलवाल, अनिल यादव, महावीर प्रसाद और सोमनाथ समेत कई सदस्य मौजूद रहे।


