July 24, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
अपराध

कपाली हत्याकांड का खुलासा: मुख्य आरोपी अहमद जलील अंसारी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त चापड़ बरामद

कपाली हत्याकांड का खुलासा: मुख्य आरोपी अहमद जलील अंसारी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त चापड़ बरामद

कपाली : सरायकेला खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में 15 मई को हुए युवक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी अहमद जलील अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जमशेदपुर के बिष्टुपुर का निवासी है तथा मूल रूप से बिहार के सिवान जिले का रहने वाला है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी बरामद कर लिया है।

मृतक की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह गाड़ीवान पट्टी निवासी 21 वर्षीय मो. तौसीफ उर्फ राज के रूप में हुई थी। उसका शव कपाली के डोबो-कांदरबेड़ा मुख्य मार्ग स्थित डोंगाघाट के समीप मिला था। जांच में सामने आया था कि युवक पर चापड़ से कई वार किए गए थे, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।

सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश कारण बनी। जांच में पता चला कि आरोपी अहमद जलील अंसारी ने पहले तौसीफ को अपने साथ बैठाकर शराब पिलाई। इसके बाद उसने अपने सहयोगी साबिर अली उर्फ सोनू को फोन कर मौके पर बुलाया और चापड़ साथ लाने को कहा।

पुलिस के अनुसार, शराब पीने के दौरान ही आरोपी ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत तौसीफ पर चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

मामले में शामिल दूसरा आरोपी साबिर अली उर्फ सोनू फिलहाल एक अन्य मामले में जेल में बंद है। पुलिस उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपी अहमद जलील अंसारी ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

इधर, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश देने के उद्देश्य से कपाली पुलिस ने सोमवार को मुख्य आरोपी का क्षेत्र में पैदल मार्च भी कराया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाले गए इस मार्च के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading