जमशेदपुर /नई दिल्ली : देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सोमवार को एक बार फिर बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई। 25 मई को पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई। मई महीने में यह चौथी बार है जब ईंधन की कीमतों में इजाफा हुआ है, जिससे आम जनता की चिंता बढ़ गई है। जमशेदपुर में पेट्रोल की कीमत105.22 रुपये, प्रीमियम पेट्रोल 114.09 और डीजल 100.42 रुपये हो गई है।
इस ताजा बढ़ोतरी का असर पंजाब, चंडीगढ़ और ट्राई सिटी समेत देश के कई हिस्सों में साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। लगातार बढ़ते दामों ने आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।
मई में कब-कितनी बढ़ी कीमतें
- 25 मई: पेट्रोल 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा
- 23 मई: पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा
- 19 मई: पेट्रोल-डीजल में औसतन 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी
- 15 मई: दोनों ईंधनों के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर का बड़ा इजाफा
10 दिनों में 7 रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी
15 मई से अब तक केवल 10 दिनों के भीतर पंजाब में पेट्रोल की कीमत में कुल 7.25 रुपये और डीजल में 7.55 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हो चुकी है। ताजा बढ़ोतरी के बाद पंजाब में पेट्रोल का औसत दाम 105.44 रुपये और डीजल 95.38 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
चंडीगढ़ में पेट्रोल 101.53 रुपये और डीजल 89.63 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं मोहाली में पेट्रोल का दाम सबसे ज्यादा 105.99 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
इसके अलावा जालंधर में पेट्रोल 104.87 रुपये और डीजल 94.84 रुपये प्रति लीटर हो गया है। लुधियाना में पेट्रोल 105.42 रुपये और डीजल 95.34 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि पठानकोट में पेट्रोल 105.87 रुपये और डीजल 95.79 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच चुका है।
आम आदमी और बाजार पर असर
लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का सीधा असर ट्रांसपोर्ट सेक्टर और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से टैक्सी, ऑटो और माल ढुलाई के किराए बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
व्यापारियों का कहना है कि माल ढुलाई महंगी होने से सब्जियां, राशन और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों में भी जल्द बढ़ोतरी हो सकती है। दूध के दाम पहले ही 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ चुके हैं। ऐसे में एक सामान्य परिवार का मासिक रसोई खर्च 10-12 हजार रुपये से बढ़कर 11-13 हजार रुपये तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।
