राजनगर : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत गम्हारिया पंचायत के पांडुगिती गांव में बीते दिनों आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। तूफान के दौरान सुराय हांसदा के घर पर इमली का बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे उनका मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में उनकी बेटी जामुना हांसदा मलबे में दबकर घायल हो गईं। घायल जामुना का इलाज फिलहाल सदर अस्पताल चाईबासा में चल रहा है।
इधर, गांव निवासी मायनो हांसदा के घर का छप्पर भी तेज हवा के कारण उड़ गया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
घटना की सूचना मिलने पर झामुमो बुद्धिजीवी मोर्चा के जिलाध्यक्ष दुर्गा लाल मुर्मू, प्रखंड उपाध्यक्ष भक्तू मार्डी और सुरज सोरेन पांडुगिती गांव पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
नेताओं ने कहा कि पीड़ित परिवारों को जल्द मुआवजा दिलाने के लिए सोमवार को अंचलाधिकारी से मिलकर मांग की जाएगी।




