रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले के भुरकुंडा ओपी क्षेत्र अंतर्गत जवाहर नगर में भीषण गर्मी के बीच बैटरी और इन्वर्टर में अचानक आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। घटना में करीब दो लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, जवाहर नगर निवासी वीरन रजवार के घर में देर रात करीब तीन बजे अचानक बैटरी और इन्वर्टर में आग लग गई। आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक गर्मी के कारण बैटरी ब्लास्ट हुई, जिसके बाद आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।
गृहस्वामी के पुत्र ने बताया कि रात में बिजली कटने के बाद उनकी नींद खुली। जब वह उठे तो सामने वाले कमरे से धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। वहीं उनकी छोटी बहन ने तत्काल भुरकुंडा ओपी, फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग को घटना की सूचना दी, जिसके बाद इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई।
स्थानीय लोगों की मदद से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। फायर ब्रिगेड की टीम पहुंचने से पहले ही आग काफी हद तक बुझा ली गई थी। हालांकि तब तक घर में रखे जरूरी दस्तावेज, कपड़े, लैपटॉप, अलमारी सहित कई कीमती सामान जल चुके थे।
गनीमत रही कि जिस कमरे में आग लगी थी, उसी कमरे में वीरन रजवार की पुत्री निधि रजवार सोने वाली थीं। निधि वर्तमान में पदमा प्रखंड में प्रखंड विकास पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। लेकिन अत्यधिक गर्मी के कारण उन्होंने दूसरे कमरे में सोने का फैसला किया। यदि वह उसी कमरे में सो रही होतीं, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
