गम्हरिया : कोल्हान क्षेत्र में शनिवार को सड़क हादसों का सिलसिला जारी रहा। सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र स्थित गिद्दीबेड़ा टोल के समीप शनिवार शाम एक सफारी कार और पैसेंजर ऑटो की टक्कर में सात लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सफारी कार रांची की ओर से आ रही थी, जबकि ऑटो कांड्रा से चांडिल की तरफ जा रहा था। इसी दौरान गिद्दीबेड़ा टोल के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया और उसमें सवार सभी यात्री घायल हो गए।
घायलों में तीन लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि चार यात्रियों को गंभीर चोट लगने पर कांड्रा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। बताया जा रहा है कि सफारी वाहन पर “उप-सचिव, योजना एवं विकास, झारखंड सरकार” का बोर्ड लगा हुआ था।
दुर्घटना के बाद सफारी सवार व्यक्ति ने घायलों के इलाज और क्षतिग्रस्त ऑटो के नुकसान की भरपाई कराने का आश्वासन दिया। वहीं, घटना के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को छोड़ दिया।
