कई पेड़ों की डालियां टूटी, 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन तार टूटकर जमीन गिरी
चाकुलिया : पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने जमुआ पंचायत के हरिनिया गांव स्थित कुचाशोली टोला में भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं के कारण मल्लिक मुर्मू का एस्बेस्टस से बना घर पूरी तरह ध्वस्त हो गया। हादसे में घर के भीतर रखी स्कूटी, साइकिल और अन्य घरेलू सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गए।
आंधी के दौरान इलाके में कई पेड़ों की डालियां टूटकर गिर गईं। इसी क्रम में एक भारी पेड़ की डाली गिरने से कुचाशोली टोला में बिजली आपूर्ति करने वाली 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन तार टूटकर जमीन पर आ गिरी। सौभाग्य से उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बिजली विभाग के मिस्त्री और संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद विभाग की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने की पहल शुरू की गई।
