ग्रामीणों का आरोप-पुलिस की मौजूदगी में चल रहा था निर्माण कार्य
प्रशासन से पूरे निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बारिगोड़ा कृति मैदान में रविवार को जमीन विवाद को लेकर जमकर हंगामा हुआ। विवाद स्वर्गीय गृधा भूमिज की जमीन को लेकर बताया जा रहा है, जहां कथित तौर पर अवैध रूप से निर्माण कार्य कराए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार, अवतार सिंह समेत कुछ स्थानीय लोगों पर आरोप है कि वे विवादित जमीन पर निर्माणाधीन दीवार खड़ी करा रहे थे। इसकी सूचना मिलते ही स्वर्गीय गृधा भूमिज की बेटियां ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचीं और निर्माण कार्य का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने निर्माणाधीन दीवार को तोड़ दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में विवादित जमीन पर निर्माण कराया जा रहा था। लोगों ने पुलिस प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना उचित जांच-पड़ताल और कानूनी प्रक्रिया पूरी किए निर्माण कार्य कराया जा रहा था, जिसका वे लगातार विरोध कर रहे थे। ग्रामीणों ने कहा कि जमीन का मामला विवादित है और प्रशासन को पहले इसकी निष्पक्ष जांच करनी चाहिए थी।
घटना की सूचना फैलते ही आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मामले को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
