जमशेदपुर: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई को लेकर सोमवार को जमशेदपुर के विभिन्न शिविरों में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सबसे अधिक संख्या धालभूम अनुमंडल कार्यालय में देखने को मिली, जहां बड़ी संख्या में मतदाता अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
धालभूम अनुमंडल कार्यालय में सुनवाई के लिए छह अधिकारियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों को प्रतिदिन करीब 900 अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई करनी है। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। गर्मी और उमस के बीच लोग घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
सुनवाई प्रक्रिया के लिए धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा, कार्यपालक दंडाधिकारी चंद्रजीत सिंह और रविंद्र ठाकुर समेत अन्य अधिकारी अपने-अपने कक्ष में मौजूद रहे। जमशेदपुर अक्षेस के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार भी सुनवाई प्रक्रिया में शामिल हैं।
प्रशासन की ओर से अनमैप्ड मतदाताओं के मामलों की जांच और सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। बड़ी संख्या में मतदाताओं के पहुंचने के कारण अधिकारियों और कर्मचारियों को भी व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।