जमशेदपुर/रांची : झारखंड इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। राज्य के कई जिलों में तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान 16 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा। सबसे अधिक तापमान पलामू के डालटनगंज में 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जमशेदपुर, सरायकेला, चाईबासा और बोकारो समेत कई जिलों में भी लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री, सरायकेला में 41.1 डिग्री और चाईबासा में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हालांकि मौसम विभाग ने राहत की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 25 मई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
बीते 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई। पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा में सबसे अधिक 14.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं बहरागोड़ा और सरायकेला में 7-7 मिलीमीटर बारिश हुई। रामगढ़ में तेज आंधी के साथ जोरदार बारिश होने की सूचना है।
22 से 26 मई तक येलो अलर्ट
रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 22 से 26 मई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। कई जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
रांची, बोकारो, गुमला, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, धनबाद और आसपास के जिलों में आंधी और वज्रपात का अधिक असर देखने को मिल सकता है। 21 मई को भी गढ़वा, पलामू, रांची, बोकारो और गुमला समेत कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।
प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान
- डालटनगंज – 43.4°C
- चाईबासा – 42.0°C
- जमशेदपुर – 41.8°C
- बोकारो – 41.2°C
- सरायकेला – 41.1°C
- बहरागोड़ा – 40.7°C
- रांची – 38.5°C
- लोहरदगा – 38.5°C
- सिमडेगा – 38.9°C
- गुमला – 39.0°C
