July 26, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
अपराध

पश्चिम सिंहभूम के पोड़ाहाट जंगल में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, केड़ाबीर इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज

पश्चिम सिंहभूम के पोड़ाहाट जंगल में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, केड़ाबीर इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज

चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम के पोड़ाहाट जंगल में मंगलवार तड़के सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सोनुवा और गोइलकेरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत केड़ाबीर के घने जंगलों में दोनों पक्षों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी हुई। मुठभेड़ के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में सर्च अभियान और तेज कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, COBRA 209 बटालियन के जवान पिछले दो दिनों से जंगल क्षेत्र में लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे जवानों का नक्सलियों से आमना-सामना हो गया, जिसके बाद दोनों ओर से भारी फायरिंग शुरू हो गई। शुरुआती रिपोर्ट में कुछ नक्सलियों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं की गई है।

मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेरकर व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के दौरान जंगल से हथियार और नक्सलियों से जुड़ी सामग्री बरामद होने की भी सूचना मिल रही है।

पुलिस अधिकारी अमित रेणु ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा बल पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं और अभियान लगातार जारी है। वहीं सारंडा और पोड़ाहाट के जंगलों में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

गौरतलब है कि माओवादी संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा के नेतृत्व में नक्सली अब भी पोड़ाहाट और सारंडा क्षेत्र में सक्रिय बताए जाते हैं। हाल के दिनों में बढ़ी नक्सली गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने जंगल क्षेत्रों में अभियान और तेज कर दिया है। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षाबलों की पैनी नजर बनी हुई है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading