उपायुक्त कार्यालय के बाहर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग
Jamshedpur: नीट पेपर लीक मामले को लेकर जिला कांग्रेस ने गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष Parvinder Singh ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए परविंदर सिंह ने कहा कि नीट परीक्षा में पेपर लीक की घटना ने देशभर के लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों का भरोसा तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं और सरकार को इसकी जवाबदेही लेनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक प्रकरण के बाद कई छात्रों ने मानसिक तनाव का सामना किया और कुछ मामलों में आत्महत्या जैसी घटनाएं भी सामने आईं। कांग्रेस नेताओं ने इस मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।
