साकची के मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन, देशभर के पर्यावरणविद और विशेषज्ञ होंगे शामिल
Jamshedpur: नदी और पर्वत संरक्षण को लेकर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह दो दिवसीय सम्मेलन शुक्रवार, 22 मई को सुबह 10 बजे से साकची स्थित Motilal Nehru Public School के ऑडिटोरियम में शुरू होगा। सम्मेलन में देशभर से पर्यावरण, जल संरक्षण और पर्वत संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाले विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।
सम्मेलन का उद्घाटन सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश V. Gopala Gowda और जलपुरुष Rajendra Singh संयुक्त रूप से करेंगे। इस अवसर पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक Saryu Roy, प्रख्यात पर्यावरणविद Dinesh Mishra, डॉ. गोपाल शर्मा, बी. सत्यनारायणा, बिभूति देबबर्मा, अरुण कुमार शुक्ला, युगांतर भारती के अध्यक्ष अंशुल शरण, भारतीय वन सेवा के अधिकारी सिद्धार्थ त्रिपाठी तथा Amity University के कुलपति प्रोफेसर पीयूष कांत पाण्डेय समेत कई विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे।
सम्मेलन के संरक्षक सरयू राय ने बताया कि उद्घाटन सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक तकनीकी सत्र आयोजित होगा, जिसमें पर्वत और जल संरक्षण, संवर्धन तथा संरक्षण अधिनियम की आवश्यकता जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। इस सत्र में नौ वक्ता अपने विचार रखेंगे।
उन्होंने बताया कि दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक दूसरे तकनीकी सत्र का आयोजन होगा। इसमें पर्वत संरक्षण के लिए कानून का मसौदा तैयार करने को लेकर ग्रुप डिस्कशन किया जाएगा। इस चर्चा में 12 विशेषज्ञ भाग लेंगे और मसौदे में जरूरी संशोधन एवं सुझावों पर विचार-विमर्श करेंगे।
सम्मेलन का तीसरा तकनीकी सत्र शाम 5:45 बजे से रात 7:45 बजे तक चलेगा। इस दौरान प्रजेंटेशन और पैनल डिस्कशन आयोजित किया जाएगा, जिसमें 10 पैनलिस्ट शामिल होंगे।
गौरतलब है कि इस राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन Yugantar Bharati, स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट, Tarun Bharat Sangh, IIT (ISM) Dhanbad, जल बिरादरी, नेचर फाउंडेशन और मिशन Y के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
सम्मेलन में शामिल होने के लिए कई डेलीगेट्स जमशेदपुर पहुंच चुके हैं, जबकि अन्य प्रतिनिधियों के गुरुवार शाम तक पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान एक स्मारिका का भी विमोचन किया जाएगा।


