जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो गांधी मैदान में सोमवार को मानगो नगर निगम की कथित मनमानी और विकास कार्यों में बाधा के विरोध में विधायक सरयू राय के नेतृत्व में विशाल धरना आयोजित होगा। आयोजन के लिए वाटरप्रूफ पंडाल, बैठने की व्यवस्था और अन्य जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
यह धरना मानगो नगर निगम कार्यालय के सामने सुबह 10 बजे से शुरू होगा। आयोजन समिति का दावा है कि धरना में मानगो और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होंगे।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में सभी समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पिछले कई दिनों से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया।
धरना को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं की कई टीमें लगातार मानगो के अलग-अलग मोहल्लों में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करती रहीं। इस दौरान नागरिकों को कार्यक्रम की जानकारी देने के साथ अधिक से अधिक संख्या में गांधी मैदान पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की अपील की गई।
बारिश की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर वाटरप्रूफ पंडाल तैयार कराया गया है। इसके अलावा लोगों के बैठने, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आयोजकों का कहना है कि धरना का मुख्य उद्देश्य मानगो नगर निगम की कार्यप्रणाली, क्षेत्र में रुकी विकास योजनाओं और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। उनका कहना है कि इस आंदोलन के माध्यम से निगम प्रशासन से इन मामलों पर जवाबदेही तय करने की मांग की जाएगी।
आयोजन समिति ने मानगो और आसपास के क्षेत्र के नागरिकों से सोमवार सुबह 10 बजे गांधी मैदान पहुंचकर धरना में शामिल होने और अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की है।
बहरहाल मानगो नगर निगम की कार्यप्रणाली के खिलाफ हो रहे आंदोलनों की परिणति प्रशासनिक जवाबदेही, लंबित विकास योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के समाधान के रूप में होगी।
दबाव बढ़ने से निगम प्रशासन को जलापूर्ति, जलजमाव और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
वैसे पार्टी स्तर पर भी जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के लोग दो खेमे में बंटे हुए हैं लेकिन आम जनता यहां की समस्याओं को लेकर टकटकी लगाए बैठे है कि उनकी समस्याओं का समाधान कब होगा।
विशेषकर जिन क्षेत्रों की योजनाएं शिलान्यास के बाद भी शुरू नहीं हुई और बारिश का मौसम भी आ गया।