जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (डीडी) बार एंड रेस्टोरेंट में हुई चर्चित हत्या के विरोध में शुक्रवार को एनडीए समर्थित जमशेदपुर बंद शांतिपूर्ण रहा। बंद के दौरान भाजपा और सहयोगी दलों के नेता एवं कार्यकर्ता सुबह से ही शहर के विभिन्न इलाकों में बंद को सफल बनाने के लिए सड़क पर उतरे। वहीं, जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरे शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखी। दिनभर बंद के दौरान किसी भी बड़ी हिंसक या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। बंद को लेकर एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारीव ने बताया कि बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर 26 लोगों को हिरासत में लिया गया। बंद के दौरान शहर में कुछ सार्वजनिक और निजी वाहन चले, जबकि कई स्थानों पर बाजार पूरी तरह बंद रहे। कहीं से भी तोड़फोड़ या हिंसा के घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई। डीडी बार हत्याकांड के मद्देनजर जिला प्रशासन पहले से ही सतर्क था। धालभूम अनुमंडल दंडाधिकारी अर्नव मिश्रा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत लागू निषेधाज्ञा को बढ़ाते हुए इसे निर्धारित अवधि तक प्रभावी रखने का आदेश जारी किया। यह आदेश साकची, बिष्टुपुर, सोनारी, कदमा, मानगो और एमजीएम थाना क्षेत्र में लागू रहा। प्रशासन के अनुसार विभिन्न संगठनों की ओर से बंद और प्रदर्शन की घोषणा को देखते हुए शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया।निषेधाज्ञा के तहत प्रतिबंधित क्षेत्रों में बिना अनुमति धरना, प्रदर्शन, घेराव, पुतला दहन और पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक लगाई गई थी। साथ ही लाठी-डंडा, तीर-धनुष, भाला, गड़ासा या अन्य हथियार लेकर चलने और बिना अनुमति ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर भी प्रतिबंध लगाया गया। हालांकि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी, दंडाधिकारी, चिकित्साकर्मी, मीडियाकर्मी, सरकारी और गैर-सरकारी कर्मचारी, बारात, शव यात्रा, पूजा-पाठ एवं धार्मिक आयोजनों को इस आदेश से छूट दी गई। बंद के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, भाजपा सांसद विद्युत वरण महतो और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी अपने समर्थकों के साथ बिष्टुपुर क्षेत्र में सक्रिय रहे।वहीं विधायक सरयू राय ने बिष्टुपुर, कदमा, सोनारी और मानगो क्षेत्र में समर्थकों के साथ बंद का नेतृत्व किया। भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने साकची क्षेत्र में मोर्चा संभाला, जबकि पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां मानगो बस स्टैंड और भुईयांडीह इलाके में कार्यकतार्ओं के साथ बंद को सफल बनाने में जुटे रहे। शहर के विभिन्न इलाकों में भाजपा समर्थक समूह बनाकर बंद कराते नजर आए। कई स्थानों पर सड़क पर चल रहे वाहनों को रोककर वापस लौटाया गया और कुछ वाहनों के टायरों की हवा निकालने की भी घटनाएं सामने आईं। वहीं मानगो क्षेत्र में पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को एहतियातन उनके आवास से ही हिरासत में ले लिया गया। पूरे घटनाक्रम के बीच प्रशासन की सख्ती और भारी पुलिस बल की तैनाती के कारण शहर में कानून-व्यवस्था नियंत्रण में रही।
