जमशेदपुर : जमशेदपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में इन दिनों मंईयां सम्मान योजना के सत्यापन को लेकर भारी भीड़ उमड़ रही है। भीषण गर्मी के बीच सत्यापन प्रक्रिया महिलाओं के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। दूर-दराज के इलाकों से पहुंची महिलाएं 42 से 43 डिग्री तापमान में घंटों लाइन में खड़े होकर सत्यापन कराने को मजबूर हैं। तेज धूप और उमस के कारण कई महिलाएं बेहोश तक हो रही हैं।
महिलाओं का आरोप है कि प्रशासन की ओर से मौके पर पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। न तो छांव की समुचित व्यवस्था है और न ही पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। तपती धूप में घंटों इंतजार कर रही महिलाएं प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर कर रही हैं।
महिलाओं ने बताया कि पहले उन्हें योजना की राशि नियमित रूप से मिल रही थी, लेकिन सत्यापन प्रक्रिया शुरू होने के बाद भुगतान बंद हो गया है। इसी कारण मजबूरी में उन्हें भीषण गर्मी के बावजूद लाइन में लगना पड़ रहा है। स्थिति इतनी खराब हो गई कि लाइन में खड़ी महिलाओं के बीच आपसी कहासुनी और विवाद भी देखने को मिला।
इस मामले को लेकर भाजपा नेता Abhay Choubey ने जिला प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने इसे प्रशासनिक विफलता बताते हुए कहा कि महिलाओं को सत्यापन के नाम पर भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। मौके पर न पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था है और न ही धूप से बचाव के इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने मांग की कि महिलाओं की सुविधा को देखते हुए स्थानीय नगर निकायों, नगर निगम कार्यालयों और प्रज्ञा केंद्रों में भी सत्यापन केंद्र बनाए जाएं, ताकि दूर-दराज से आने वाली महिलाओं को राहत मिल सके और उन्हें भीषण गर्मी में परेशान न होना पड़े।
वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने कहा कि कहीं मंईयां सम्मान योजना की राशि के लिए जान ही न गंवानी पड़े। भीषण गर्मी और लू से लोगों के मरने का सिलसिला जारी जो है।
