August 5, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
भारत

मिजोरम में असम राइफल्स ने 6.75 करोड़ रुपए की ड्रग्स और सोना जब्त किया, तीन गिरफ्तार

मिजोरम में असम राइफल्स ने 6.75 करोड़ रुपए की ड्रग्स और सोना जब्त किया, तीन गिरफ्तार

आइजोल, 25 मई (आईएएनएस)। मिजोरम में दो बड़े अभियानों में असम राइफल्स के जवानों ने लगभग 6.75 करोड़ रुपए मूल्य की ड्रग्स और सोना जब्त किया और तीन तस्करों को गिरफ्तार किया।

रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि मिजोरम के चम्फाई जिले के जोखावथर क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी से संबंधित विशिष्ट खुफिया सूचनाओं के आधार पर, असम राइफल्स के जवानों ने राज्य पुलिस के समन्वय से एक संयुक्त अभियान चलाया।

सुनियोजित अभियान के दौरान, संयुक्त दल ने प्रतिबंधित सामान ले जा रही संदिग्ध टोयोटा ग्लान्जा को रोका।

वाहन की गहन तलाशी लेने पर लगभग 6.60 करोड़ रुपए मूल्य की 2.201 किलोग्राम अत्यधिक नशीले मेथम्फेटामाइन टैबलेट बरामद की गईं। नशीले पदार्थों की अवैध ढुलाई में शामिल दो तस्करों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

बरामद की गई प्रतिबंधित सामग्री, गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों और जब्त किए गए वाहन को आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जोखावथर पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया।

एक अन्य अभियान में, आइजोल जिले के चॉनपुई क्षेत्र में सोने की अवैध ढुलाई के संबंध में मिली विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर असम राइफल्स के जवानों ने आइजोल सीमा शुल्क निवारक बल के समन्वय से एक त्वरित, सुनियोजित और सावधानीपूर्वक समन्वित अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप सोना बरामद हुआ और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

इस अभियान के दौरान, आइजोल जिले के जोटलांग क्षेत्र के निवासी एक व्यक्ति को दोपहिया वाहन से संदिग्ध प्रतिबंधित वस्तु की डिलीवरी करने का प्रयास करते समय पकड़ा गया।

गहन जांच करने पर, उसके पास से लगभग 15 लाख रुपए मूल्य का 104 ग्राम 22 कैरेट सोना बरामद हुआ।

बरामद सोने और गिरफ्तार व्यक्ति को आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए आइजोल सीमा शुल्क निवारक बल को सौंप दिया गया।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि ड्रग्स और सोने की सफल बरामदगी ने मिजोरम में अवैध तस्करी गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए असम राइफल्स के निरंतर प्रयासों को उजागर किया है।

–आईएएनएस

एमएस/

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading