जमशेदपुर : पोटका विधायक Sanjeev Sardar ने शनिवार को जमशेदपुर प्रखंड के चर्चित बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना का निरीक्षण किया। चिलचिलाती धूप के बीच विधायक घाघीडीह और गीड्डीझोपड़ी क्षेत्र पहुंचे और योजना के कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पेयजल विभाग के अधिकारियों के साथ पाइपलाइन बिछाने, कनेक्शन और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। विधायक ने अधिकारियों को लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि विभागीय बैठक में 15 जून तक बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना शुरू करने का निर्णय लिया गया था। इसी तय समयसीमा के अनुसार कार्य हो रहा है या नहीं, इसकी निगरानी के लिए वे खुद स्थल पर पहुंचे हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि योजना से जुड़े सभी कार्य युद्धस्तर पर पूरे किए जाएं ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। विधायक ने कहा कि वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे लोगों को इस योजना से बड़ी राहत मिलेगी।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना क्षेत्र की महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल है और इसकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक बाधा की जानकारी तत्काल दें ताकि उसका जल्द समाधान किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि Hemant Soren सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है और यह योजना उसी दिशा में एक अहम कदम है।
निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता शिव कुमार, जूनियर इंजीनियर राहुल टुडू, झामुमो के कई नेता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
