जमशेदपुर : झारखंड राज्यसभा चुनाव के परिणाम को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार प्रणव झा की हार के लिए महागठबंधन के कुछ सहयोगी दलों पर अपेक्षित समर्थन नहीं देने का आरोप लगाया है, वहीं भाजपा पर धनबल और हॉर्स ट्रेडिंग की राजनीति को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया गया है।
दूसरी ओर, एनसीपी ने एनडीए समर्थित प्रत्याशी परिमल नाथवानी की जीत को गठबंधन की एकजुटता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता की जीत बताया है।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की हार पर गहरी चिंता व्यक्त की है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रताप कुमार यादव ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि यह हार केवल कांग्रेस उम्मीदवार की नहीं, बल्कि आम जनता की अपेक्षाओं और जनबल पर धनबल की जीत है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि राज्यसभा चुनाव में अपेक्षित समर्थन नहीं मिलने के कारण प्रणव झा को पराजय का सामना करना पड़ा। चुनाव परिणाम यह संकेत देता है कि महागठबंधन के कुछ सहयोगी दलों, विशेषकर राजद और माले के कुछ विधायकों ने अपेक्षित सहयोग नहीं किया, जिससे कांग्रेस उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा।
कांग्रेस के एक अन्य प्रदेश प्रवक्ता राकेश तिवारी ने भी चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिस आशंका की चर्चा पहले से हो रही थी, वही हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पूरे देश में राजनीतिक शुचिता को कमजोर कर सत्ता हासिल करने के लिए नई परंपराओं को बढ़ावा दे रही है।
राकेश तिवारी ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में धनबल का प्रभाव देखने को मिला और इस तरह की राजनीति की शुरुआत भाजपा ने की है। उनके अनुसार, जिस दिन भाजपा ने निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी को समर्थन दिया, उसी दिन से राज्य में हॉर्स ट्रेडिंग की आशंकाएं बढ़ गई थीं। उन्होंने भाजपा को पूंजीपतियों की पार्टी बताते हुए कहा कि पहले वह अडानी-अंबानी के साथ थी और अब नाथवानी के साथ खड़ी है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों ने कथित रूप से धन के बदले अपना समर्थन बदला है, उन्हें जनता को माफ नहीं करना चाहिए।
वहीं दूसरी ओर, एनसीपी (नगर निकाय) के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. पवन पांडेय ने राज्यसभा चुनाव में विजयी दोनों उम्मीदवारों को बधाई दी है। उन्होंने विशेष रूप से एनडीए समर्थित प्रत्याशी परिमल नाथवानी की जीत पर एनडीए के सभी विधायकों को शुभकामनाएं दीं।
डॉ. पांडेय ने कहा कि यह जीत एनडीए की एकजुटता, मजबूत संगठन और जनसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी का अनुभव और नेतृत्व झारखंड तथा देश के विकास में आगे भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
झारखंड में राज्यसभा चुनाव में धनबल के प्रयोग से लोकतंत्र को किया गया कलंकित : परविंदर सिंह
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने झारखंड में राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी प्रणव झा को अपेक्षित समर्थन नहीं मिलने तथा चुनाव प्रक्रिया में कथित रूप से धनबल और प्रलोभन की राजनीति के इस्तेमाल की आशंकाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसकी कड़ी निंदा और भर्त्सना की है।
उन्होंने अपने बयान में कहा कि झारखंड राज्यसभा चुनाव में जिस प्रकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास किया गया है, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है।
उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधियों के मत को प्रभावित करने के लिए धनबल, दबाव या अन्य अनैतिक साधनों का प्रयोग किया जाता है, तो यह संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा पर सीधा प्रहार है।
