August 6, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
भारत

ZRUCC की 106वीं बैठक में सांसद बिद्युत बरण महतो ने उठाए रेल यात्रियों के अहम मुद्दे

ZRUCC की 106वीं बैठक में सांसद बिद्युत बरण महतो ने उठाए रेल यात्रियों के अहम मुद्दे

कोलकाता : कोलकाता के ताज बंगाल होटल में बुधवार को दक्षिण पूर्व रेलवे की क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (ZRUCC) की 106वीं बैठक सांसद बिद्युत बरण महतो की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का उद्घाटन दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने किया और सभी सदस्यों का स्वागत किया। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से आए समिति सदस्यों ने रेल सेवाओं से जुड़ी समस्याएं और सुझाव रखे, जिन पर रेलवे अधिकारियों ने लिखित एवं मौखिक जवाब दिए।

बैठक को संबोधित करते हुए सांसद बिद्युत बरण महतो ने कहा कि चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों की समयबद्धता में पहले की तुलना में सुधार हुआ है, लेकिन अभी भी और बेहतर व्यवस्था की आवश्यकता है। इस पर महाप्रबंधक ने भरोसा दिलाया कि समय-सारिणी को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और जल्द ही सकारात्मक परिणाम दिखाई देंगे।

सांसद ने बारीगोड़ा और गोविंदपुर रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। रेलवे प्रबंधन ने बताया कि दोनों परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 12 मई 2026 को टेंडर खोले जा चुके हैं और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

बैठक में टाटानगर से संचालित कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों को आदित्यपुर स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं पर भी चर्चा हुई। रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि टाटानगर से किसी भी ट्रेन को स्थानांतरित करने का कोई प्रस्ताव नहीं है और वर्तमान में सभी ट्रेनें यथावत संचालित होती रहेंगी।

सलगाजोड़ी अंडरपास परियोजना के संबंध में रेलवे ने बताया कि इसका निर्माण कार्य नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, टाटानगर रेलवे स्टेशन के सेकंड एंट्री गेट पर ड्रॉपिंग लाइन की सुविधा स्टेशन के अपग्रेडेशन कार्य के दौरान विकसित की जाएगी।

मकदमपुर के पास टाटानगर-बादामपहाड़ रेलखंड पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (ROB) की प्रगति के संबंध में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है और जल्द ही स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

सांसद महतो ने टाटानगर से नई ट्रेनों के संचालन और कुछ ट्रेनों के विस्तार की मांग भी रखी। उन्होंने आनंद विहार-पुरुलिया एक्सप्रेस को टाटानगर तक विस्तारित करने, टाटा-काटपाड़ी ट्रेन को तिरुपति एवं बेंगलुरु तक बढ़ाने तथा टाटा से पटना के लिए नियमित ट्रेन सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा। रेलवे ने बताया कि टाटानगर स्टेशन पर टर्मिनल और रखरखाव सुविधाओं की सीमित क्षमता के कारण फिलहाल यह संभव नहीं है।

हालांकि रेलवे ने जानकारी दी कि टाटानगर के निकट हल्दीपोखर से पहले एक नए कोचिंग टर्मिनल के निर्माण का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। इस परियोजना के फाइनल लोकेशन सर्वे (FLS) को 15 अप्रैल 2026 को मंजूरी मिल चुकी है। टर्मिनल बनने के बाद नई ट्रेनों के संचालन और विस्तार की संभावनाएं बढ़ जाएंगी।

सांसद ने गीतांजलि एक्सप्रेस, वंदे भारत एक्सप्रेस, संतरागाछी-अजमेर एक्सप्रेस, समलेश्वरी एक्सप्रेस और आजाद हिंद एक्सप्रेस का घाटशिला स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह विषय रेलवे बोर्ड के अधिकार क्षेत्र में है और प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है।

टाटानगर-थावे एक्सप्रेस को आनंद नगर होते हुए बढ़नी तक विस्तारित करने के मुद्दे पर रेलवे ने बताया कि यह मामला उत्तर पूर्व रेलवे से संबंधित है और आवश्यक पत्राचार किया जा चुका है।

सांसद महतो ने कोरोना काल में बंद की गई कई लोकल ट्रेनों को पुनः शुरू करने की मांग भी रखी। रेलवे प्रबंधन ने कहा कि इस प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।

बैठक के दौरान सांसद ने दानकुनी-सूरत डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) परियोजना के शुभारंभ के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे दक्षिण पूर्व रेलवे की क्षमता बढ़ेगी और यात्रियों को भी राहत मिलेगी। उन्होंने लंबे समय से लंबित कांड्रा-नामकुम रेल लाइन परियोजना को भी जल्द शुरू करने की मांग उठाई।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading