August 6, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

जमशेदपुर में 7 अगस्त को 13वां राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस का भव्य आयोजन , राज्यपाल संतोष गंगवार होंगे मुख्य अतिथि

जमशेदपुर में 7 अगस्त को 13वां राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस का भव्य आयोजन , राज्यपाल संतोष गंगवार होंगे मुख्य अतिथि

जमशेदपुर: वीवर्स डेवलपमेंट एंड रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (WDRO) की ओर से 7 अगस्त को बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में 13वें राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा बुनकर प्रकोष्ठ के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक विजय कुमार भारती, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के पूर्व सदस्य मनोज कुमार सिंह, स्वर्णरेखा विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी आशुतोष राय और अमित मिश्रा ने आयोजन की विस्तृत जानकारी दी।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि वर्ष 2014 में नई दिल्ली में WDRO ने पहली बार 7 अगस्त को हस्तकरघा दिवस मनाने की शुरुआत की थी। इसके बाद वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 7 अगस्त को राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस के रूप में घोषित किया। तभी से संगठन देश के विभिन्न राज्यों और शहरों में इस दिवस का नियमित आयोजन करता आ रहा है।

इस वर्ष का मुख्य समारोह जमशेदपुर में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के पूर्व अध्यक्ष (पूर्वी क्षेत्र) मनोज कुमार सिंह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संपर्क प्रमुख अनिल ठाकुर, भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के पूर्व सदस्य आनंद साहू तथा स्वर्णरेखा विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी आशुतोष राय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

आयोजकों के अनुसार समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले बुनकर प्रतिनिधियों के अलावा करीब 500 स्थानीय प्रतिभागी भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान हस्तकरघा उद्योग की वर्तमान स्थिति, बुनकरों के समक्ष मौजूद चुनौतियां, इस क्षेत्र से हो रहे पलायन के कारणों तथा रोजगार के नए अवसरों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

विचार-विमर्श के आधार पर बुनकरों के हितों से जुड़ा एक मांग-पत्र तैयार किया जाएगा, जिसे केंद्र और राज्य सरकार को सौंपा जाएगा।

समारोह में हस्तकरघा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले बुनकरों के साथ-साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विशिष्ट हस्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में स्वागत समिति के उपाध्यक्ष घनश्याम चौधरी, मंत्री अमित मोदक, नीरज मिश्रा, पंकज सिंह, घनश्याम दास, गुरजीत सिंह, अमित कुमार, रमेश कुमार सिंह समेत संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading