प्रो. एमके सिन्हा बने प्रवेश समिति के अध्यक्ष, 145 सीटों पर होगा नामांकन
21 जून तक आवेदन, 400 से अधिक आवेदन मिले, दाखिले की प्रक्रिया जारी
जमशेदपुर : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया को लेकर प्रवेश समिति का गठन कर दिया है। संस्थान के सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद डीन (अकादमिक) कार्यालय की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है। समिति आगामी सत्र में पीएचडी नामांकन से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं के संचालन, दिशा-निर्देशों के निर्धारण और प्रशासनिक निर्णयों की जिम्मेदारी संभालेगी।
समिति के अध्यक्ष डीन (अकादमिक) प्रो. एम.के. सिन्हा को बनाया गया है, जबकि परीक्षा प्रभारी डॉ. अवधेश कुमार सिन्हा को सह-अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीआर/एआर (अकादमिक) को समिति का संयोजक बनाया गया है।
इसके अलावा प्रो. अनिल कुमार चौधरी, प्रो. रवींद्र नाथ महंती, प्रो. दिलीप कुमार यादव, प्रो. राज बल्लभ, प्रो. अशोक कुमार, प्रो. अमरेश कुमार, डॉ. प्रितम कुंडू, डॉ. शक्ति प्रसाद, सतीश कुमार और सुनील मुर्मू समेत कई शिक्षकों को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
एनआईटी जमशेदपुर में विभिन्न विभागों की कुल 145 पीएचडी सीटों पर नामांकन के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। इच्छुक अभ्यर्थी 21 जून तक आवेदन कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर होगी। प्रवेश परीक्षा एवं इंटरव्यू 13 जुलाई को आयोजित किए जाएंगे, जबकि परिणाम 16 जुलाई को जारी होने की संभावना है। सफल अभ्यर्थियों का नामांकन 30 जुलाई से शुरू होगा।
संस्थान से मिली जानकारी के अनुसार अब तक 400 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। आवेदन की अंतिम तिथि में अभी कुछ दिन शेष हैं, ऐसे में कुल आवेदन संख्या 500 के पार पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी के लिए एनआईटी जमशेदपुर की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं।
विभागवार रिक्तियां
- केमिकल इंजीनियरिंग – 11 सीटें
- सिविल इंजीनियरिंग – 24 सीटें
- कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग – 6 सीटें
- ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज – 3 सीटें
- इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग – 18 सीटें
- इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग – 12 सीटें
- गणित (मैथमेटिक्स) – 8 सीटें
- मैकेनिकल इंजीनियरिंग – 30 सीटें
- मेटलर्जिकल एंड मैटेरियल्स इंजीनियरिंग – 10 सीटें
- प्रोडक्शन एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग – 8 सीटें
- फिजिक्स – 5 सीटें
- इंटरडिसिप्लिनरी रिसर्च – 11 सीटें
कुल सीटें : 145
