August 5, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, 21 जून को खासमहल में होगा जिला स्तरीय आयोजन

‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, 21 जून को खासमहल में होगा जिला स्तरीय आयोजन

Jamshedpur news : पूर्वी सिंहभूम जिले में 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के सभी सरकारी संस्थानों, स्कूलों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ रखी गई है।

उपायुक्त ने शनिवार को जिला समाहरणालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिला, प्रखंड, पंचायत और ग्राम स्तर तक योग दिवस को व्यापक रूप से मनाने की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में बताया गया कि भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ (Yoga for Healthy Ageing) निर्धारित की है।

निर्देश दिया कि जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी संस्थानों, पार्कों, वृद्धाश्रमों, छात्रावासों, पुलिस स्टेशनों, सदर अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, चिकित्सा महाविद्यालयों, अस्पतालों, नर्सिंग कॉलेजों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर 21 जून को कॉमन योगा प्रोटोकॉल (Common Yoga Protocol) के तहत योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम सुबह 6 बजे से 8 बजे तक खासमहल दुर्गा पूजा मैदान में प्रस्तावित है। उपायुक्त ने कहा कि योग दिवस को जन-जन का अभियान बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, केंद्रीय सुरक्षा बलों, झारखंड पुलिस, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली बच्चों, स्वयंसेवी संस्थाओं, लायंस क्लब, रोटरी क्लब, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहियाओं, स्वास्थ्यकर्मियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, खिलाड़ियों और आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योग कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, रोगों की रोकथाम, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, तनाव प्रबंधन, जोड़ों के दर्द से बचाव तथा बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में योग की भूमिका के प्रति जागरूक किया जाए।

साथ ही कार्यालयों एवं संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को वाई-ब्रेक (Y-Break) प्रोटोकॉल की जानकारी देने तथा कार्यस्थलों पर प्रतिदिन कम से कम 10 मिनट योगाभ्यास को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के साथ-साथ नुक्कड़ नाटक, होर्डिंग और बैनर के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

इसके अलावा विद्यालयों में योग प्रतियोगिता, सेमिनार, चित्रकला प्रतियोगिता तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों के आयोजन और उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित करने पर भी चर्चा की गई।

सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने तथा प्रत्येक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योग को जन आंदोलन का स्वरूप देकर ही स्वस्थ, जागरूक और निरोग समाज के निर्माण के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, एडीसी अनुराग तिवारी, प्रभारी जिला आयुष पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, डीपीएम जेएसएलपीएस, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading