August 5, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

EAST SINGHBHUM : बोड़ाम में एक ही रात दो दुकानों में चोरी, जेवरात-नकदी समेत लाखों का माल साफ; पुलिस जांच में जुटी

EAST SINGHBHUM : बोड़ाम में एक ही रात दो दुकानों में चोरी, जेवरात-नकदी समेत लाखों का माल साफ; पुलिस जांच में जुटी

पटमदा : पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम प्रखंड में सोमवार देर रात चोरों ने दो अलग-अलग दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पहली घटना बोड़ाम बाजार स्थित एक जेवरात की दुकान में हुई, जबकि दूसरी चोरी बारियादा स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई। दोनों घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है। खास बात यह है कि एक वारदात बोड़ाम थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई।

जेवरात की दुकान में सेंधमारी कर लाखों के आभूषण चोरी

बोड़ाम निवासी दीपक स्वर्णकार ने थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि सोमवार रात वह अपनी जेवरात की दुकान बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह दुकान खोलने पर देखा कि दुकान का सीसीटीवी कैमरा क्षतिग्रस्त था और चोर टीन शेड की छत काटकर अंदर घुस गए थे।

चोर दुकान से लगभग 300 ग्राम चांदी की चूड़ियां, 500 ग्राम चेन, 800 ग्राम बिछिया, 900 ग्राम पुरानी चांदी की मोहर व अन्य सामान, 600 ग्राम पायल, करीब 15 ग्राम टिकली, पुराने लॉकेट सहित अन्य चांदी के आभूषण तथा 25 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

बारियादा की मोबाइल दुकान भी बनी निशाना

इसी रात बारियादा स्थित देवेन महतो की मोबाइल दुकान में भी चोरी की घटना हुई। चोर दुकान से पांच मोबाइल फोन, दो हेडफोन और 31 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। लगातार दो दुकानों में चोरी की घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

एफएसएल टीम ने की जांच, पुलिस कर रही छानबीन

पुलिस के अनुसार रात करीब साढ़े 11 बजे तक पेट्रोलिंग पार्टी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। वहीं, रात करीब ढाई बजे तक बगल की चाय दुकान रोज की तरह खुली थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि इसी बीच चोरों ने दोनों वारदातों को अंजाम दिया।

थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि दोनों घटनाओं की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading