August 7, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

चाकुलिया में बिजली समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों का धरना, विद्युत विभाग को सौंपा सात सूत्री मांगपत्र

चाकुलिया में बिजली समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों का धरना, विद्युत विभाग को सौंपा सात सूत्री मांगपत्र

चाकुलिया : बिजली की समस्याओं को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया नगर पंचायत इलाके के उपभोक्ताओं में काफी आक्रोश है। चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में बिजली व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर गुरुवार को जनप्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया।

धरना कार्यक्रम में नगर पंचायत के उपाध्यक्ष राजकुमार मिश्रा के नेतृत्व में वार्ड पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।

धरना के बाद प्रतिनिधिमंडल ने विद्युत विभाग के सहायक अभियंता अहसान अख्तर को सात सूत्री मांगपत्र सौंपा। ज्ञापन में नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों में ट्रांसफार्मरों में ईवी स्विच लगाने की मांग की गई।

साथ ही जर्जर एवं खुले बिजली तारों को हटाकर सुरक्षित केबलयुक्त तार लगाने तथा पुराने और क्षतिग्रस्त बिजली खंभों को बदलकर नए खंभे स्थापित करने की मांग उठाई गई।

जनप्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि नगर पंचायत के कई वार्डों में वर्षों पहले लगाए गए बिजली खंभों पर अब तक तार नहीं लगाए गए हैं, जिससे लोगों को पर्याप्त विद्युत सुविधा नहीं मिल पा रही है।

ऐसे सभी स्थानों पर शीघ्र तार बिछाने की मांग की गई। इसके अतिरिक्त नगर क्षेत्र में बिजली तारों को चरणबद्ध तरीके से भूमिगत करने, जिन क्षेत्रों में अब तक बिजली खंभे एवं तार नहीं पहुंचे हैं वहां सर्वे कर नई व्यवस्था विकसित करने तथा बढ़ती गर्मी और जलापूर्ति की जरूरतों को देखते हुए लोड सेटिंग व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग भी शामिल है।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में बिजली से संबंधित समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को बेहतर विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने की अपील की।

धरना कार्यक्रम में वार्ड पार्षद शतदल महतो, संजय घोष, मौसमी मल्लिक, मलय रूहीदास, गोपाल चंद्र दास, पार्षद प्रतिनिधि मुरारी लाल शर्मा, असगर हुसैन, राजेश नमाता समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे। उपस्थित नेताओं ने चेतावनी दी है कि उनकी मांगें नहीं मानी गई तो जोरदार आंदोलन चलेगा।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading