August 7, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

Netaji Subhas University Convocation: राज्यपाल बोले- शिक्षित और जिम्मेदार युवा ही विकसित भारत की नींव

Netaji Subhas University Convocation: राज्यपाल बोले- शिक्षित और जिम्मेदार युवा ही विकसित भारत की नींव

जमशेदपुर: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में शिक्षित, सक्षम और जिम्मेदार युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी शिक्षा और प्रतिभा का उपयोग केवल व्यक्तिगत सफलता के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए करने का आह्वान किया।

राज्यपाल शुक्रवार को जमशेदपुर के पोखारी स्थित नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के चौथे दीक्षांत समारोह को बतौर मुख्य अतिथि बोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर उन्होंने स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान कीं, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों से सम्मानित किया।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के आदर्शों को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनके विचारों को जीवन में अपनाकर ही देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू नई शिक्षा नीति (NEP) की सराहना करते हुए कहा कि यह नीति विद्यार्थियों को बदलते समय और भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

उन्होंने युवाओं से केवल नौकरी की तलाश तक सीमित नहीं रहने, बल्कि उद्यमिता अपनाकर रोजगार के नए अवसर सृजित करने का आग्रह किया। साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), नवाचार और आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा को समय की आवश्यकता बताते हुए इन क्षेत्रों में आगे बढ़ने की अपील की।

राज्यपाल ने निजी विश्वविद्यालयों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, नशामुक्त परिसर विकसित करने तथा शिक्षकों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आग्रह किया।

दीक्षांत समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया और विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी।

समारोह में कुलपति प्रो. पी.के. पाणी, रजिस्ट्रार नागेंद्र सिंह, विश्वविद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading