August 7, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

पूर्वी सिंहभूम के गुड़ाबांदा में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर, 341 आवेदनों में 289 को मिला लर्नर लाइसेंस

पूर्वी सिंहभूम के गुड़ाबांदा में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर, 341 आवेदनों में 289 को मिला लर्नर लाइसेंस

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण इलाकों में लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न प्रखंडों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

इस पहल से दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही है, जिससे उनका समय और खर्च दोनों बच रहे हैं। लाभार्थी झारखंड सरकार की इस पहल की सराहना कर रहे हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, 2 जुलाई से 8 सितंबर 2026 तक निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण शिविर लगाए जा रहे हैं।

इसी क्रम में गुरुवार को गुड़ाबांदा प्रखंड में जिला परिवहन पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में विशेष शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में कुल 341 लोगों ने लर्नर लाइसेंस के लिए आवेदन किया। दस्तावेजों की जांच और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद 289 आवेदकों को सफलतापूर्वक लर्नर लाइसेंस जारी किया गया।

शेष आवेदनों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी अथवा अन्य निर्धारित मानकों की पूर्ति नहीं होने के कारण नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ड्राइविंग टेस्ट में सफल अभ्यर्थियों को जिला परिवहन पदाधिकारी दिलीप कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी डांगुर कोरह तथा मोटरयान निरीक्षक सूरज हेम्ब्रम ने लर्नर लाइसेंस प्रदान किया।

शिविर के दौरान अभ्यर्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया।

उन्हें सड़क सुरक्षा संबंधी पंपलेट और बुकलेट वितरित करते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के लिए प्रेरित किया गया।

शिविर के सफल आयोजन में जिला परिवहन कार्यालय के कर्मियों और सड़क सुरक्षा टीम की सक्रिय भूमिका रही।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading