– पूर्वी सिंहभूम जिले में प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित, कुल 15,11,805 मतदाता शामिल
– मतदान केन्द्रों की संख्या 1922 से बढ़कर हुआ 2183, 13,441 दिव्यांग व 66 तृतीय लिंग मतदाता
जमशेदपुर: भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले की प्रारूप मतदाता सूची मंगलवार को प्रकाशित कर दी गई। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन और स्थानांतरण के लिए दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इच्छुक और पात्र मतदाता 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत जिले में व्यापक स्तर पर मतदाताओं का सत्यापन किया गया। उन्होंने पूरी प्रक्रिया, आगामी कार्यक्रमों और मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की समय-सीमा की जानकारी भी साझा की।
19 लाख से अधिक मतदाताओं का हुआ सत्यापन
जिला निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार जिले में कुल 19,07,244 मतदाता दर्ज थे। इनमें 5,57,321 मतदाताओं का स्वयं (Self Mapping) के माध्यम से सत्यापन किया गया, जबकि 7,53,556 मतदाताओं का सत्यापन उनके माता-पिता या वंशजों (Progeny Mapping) के जरिए हुआ। वहीं 2,00,928 मतदाताओं का सत्यापन नहीं हो सका।
सत्यापन के दौरान 3,95,439 मतदाताओं का सत्यापन नहीं हो पाया। इनमें 49,448 मृत, 1,83,558 अनुपलब्ध या अनुपस्थित, 1,45,462 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 3,382 अन्य श्रेणी तथा 13,589 पहले से अन्य स्थान पर पंजीकृत मतदाता शामिल हैं।
जिले में 15.11 लाख मतदाता दर्ज
प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार पूर्वी सिंहभूम में अब कुल 15,11,805 मतदाता हैं। इनमें 7,52,533 पुरुष, 7,59,206 महिला और 66 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। जिले में 13,441 दिव्यांग मतदाता भी पंजीकृत हैं।
1 अक्टूबर को 18 वर्ष पूरे करने वाले भी कर सकेंगे आवेदन
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन अथवा स्थानांतरण के लिए निर्धारित प्रपत्रों में आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक भी आवश्यक घोषणा-पत्र के साथ प्रपत्र-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
4 सितंबर तक दावा-आपत्ति, अक्टूबर में अंतिम सूची
दावा एवं आपत्ति दाखिल करने की अवधि 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। इसके बाद 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक एवं अतिरिक्त निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी प्राप्त आवेदनों का निष्पादन करेंगे।
मतदाताओं की सुविधा के लिए 8-9 अगस्त तथा 22-23 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां बीएलओ आवेदन स्वीकार करेंगे।
इसके अलावा 25 अगस्त से 4 सितंबर तक बीएलओ द्वारा होम-टू-रोल वेरिफिकेशन अभियान चलाया जाएगा। वहीं 15 अगस्त को पंचायत भवनों और शहरी वार्डों में ग्राम सभाओं एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। मतदाता किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए 1950 हेल्पलाइन, ECINET मोबाइल ऐप अथवा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट का उपयोग कर सकते हैं।