August 7, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

JAMSHEDPUR WEST : लंबित विकास कार्यों पर जल्द होगी कार्रवाई, जदयू प्रतिनिधिमंडल को यूआईएसएल का भरोसा

JAMSHEDPUR WEST : लंबित विकास कार्यों पर जल्द होगी कार्रवाई, जदयू प्रतिनिधिमंडल को यूआईएसएल का भरोसा

जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों और बुनियादी नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को टाटा स्टील यूआईएसएल के वरीय महाप्रबंधक आर.के. सिंह से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

बैठक के दौरान वरीय महाप्रबंधक आर.के. सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि ज्ञापन में उठाए गए सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कई कार्य कंपनी की प्राथमिकता सूची में शामिल हैं।

जल्द ही कंपनी की एक टीम गठित कर प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की जाएगी और संयुक्त रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कर लंबित विकास कार्यों को शुरू कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

विधायक के निर्देश पर सौंपे गए ज्ञापन में सोनारी, कदमा और बिष्टुपुर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं का उल्लेख किया गया।

इसमें नालियों की सफाई और गहरीकरण, सीवरेज लाइन की मरम्मत, ओवरफ्लो की समस्या का समाधान, स्लुइस गेटों की मरम्मत, पेयजल पाइपलाइन की लीकेज रोकने, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई एवं मरम्मत, नए नालों का निर्माण तथा बरसात से पहले बड़े नालों की नियमित सफाई कराने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है।

प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न बस्तियों में सीवरेज जाम, सड़कों पर बह रहे गंदे पानी और जलभराव जैसी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने की भी मांग की।

इसके अलावा सोनारी, बिष्टुपुर और खुंटाडीह क्षेत्रों में पेवर्स ब्लॉक सड़क निर्माण, जर्जर सड़कों की मरम्मत तथा प्रमुख मार्गों के विकास कार्यों को जल्द शुरू करने का आग्रह किया गया।

ज्ञापन में बस्ती क्षेत्रों में लंबित पेयजल एवं बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने, सार्वजनिक शौचालयों के लिए अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) जारी करने, गुदड़ी बाजार स्थित जर्जर यूरिनल की मरम्मत, कदमा क्षेत्र में सफाईकर्मियों की संख्या पूर्ववत करने, नियमित फॉगिंग शुरू कराने, शास्त्रीनगर में पेयजल आपूर्ति का दबाव बढ़ाने और खराब स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग भी उठाई गई।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि सैकड़ों लोगों ने नए पेयजल और बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया है, लेकिन महीनों बीत जाने के बावजूद उन्हें सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है। जदयू नेताओं ने सभी लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

प्रतिनिधिमंडल में युवा जदयू के जिलाध्यक्ष नीरज सिंह, कदमा जदयू अध्यक्ष तारक मुखर्जी, सोनारी जदयू अध्यक्ष चुन्नू भूमिज तथा जदयू जमशेदपुर महानगर के महासचिव मनोज सिंह शामिल थे।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading