पटमदा: झारखंड सरकार की ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण पहल के तहत पटमदा प्रखंड की 15 पंचायतों में बिड़रा पंचायत का चयन किया गया है। यहां पंचायत भवन में लाइसेंस बनाने के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है।
हालांकि, कैंप स्थल को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने आपत्ति जताते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को आवेदन सौंपकर स्थान परिवर्तन की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित पंचायत भवन गांव से काफी दूर जंगल क्षेत्र में स्थित है। वहां मोबाइल नेटवर्क की समस्या बनी रहती है और आने-जाने के लिए पर्याप्त परिवहन सुविधा भी उपलब्ध नहीं है।
ऐसे में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने आने वाले लोगों, खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज के गांवों के निवासियों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।
आवेदन में मांग की गई है कि जनसुविधा को प्राथमिकता देते हुए ड्राइविंग लाइसेंस कैंप पंचायत भवन के बजाय बिड़रा ग्राम संसद भवन में आयोजित किया जाए।
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम संसद भवन मुख्य आबादी के निकट स्थित है, जहां मोबाइल नेटवर्क और आवागमन की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध है। इससे अधिक संख्या में लोग बिना किसी परेशानी के सरकारी योजना का लाभ उठा सकेंगे।
ग्रामीणों ने बीडीओ से उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए कैंप स्थल में बदलाव करने की अपील की है। आवेदन पर ग्राम प्रधान विकास महतो, मुखिया खांदु सिंह, उपमुखिया गोपाल गोराई सहित कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।