August 6, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

सुनसुनिया जंगल के पास हाथी ने वायर मैन को कुचला, झारग्राम रेफर

सुनसुनिया जंगल के पास हाथी ने वायर मैन को कुचला, झारग्राम रेफर

चाकुलिया: पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। राजाबासा जंगल और आसपास के इलाकों में हाथियों की मौजूदगी लोगों के लिए गंभीर खतरा बन गई है।

सोमवार को सुनसुनिया जंगल से गुजरने वाली डाउन रेलवे लाइन के किनारे सिग्नल वायरिंग का कार्य कर रहे एमआरटी सिग्नल लिमिटेड कंपनी के 53 वर्षीय वायर मैन संजीव सिन्हा पर एक जंगली हाथी ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद कंपनी के कर्मचारियों ने घायल संजीव सिन्हा को कार से चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झारग्राम रेफर कर दिया। बताया गया है कि उनके दोनों पैरों और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। संजीव सिन्हा पश्चिम बंगाल के काठुआ क्षेत्र के निवासी हैं।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वनरक्षी मुकेश गोराई भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजीव सिन्हा रेलवे लाइन के किनारे सिग्नल से संबंधित कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मेम क्लब की ओर से गुजर रहे हाथियों के झुंड में शामिल एक हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हाथी के हमले से वह जमीन पर गिर पड़े। उनके साथ काम कर रहे दो अन्य युवक हाथियों को देखकर मौके से भाग निकले। संजीव सिन्हा पर हमला करने के बाद हाथी वापस जंगल की ओर चला गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों और कामकाजी लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग लोगों से सतर्क रहने और हाथियों के झुंड के निकट नहीं जाने की अपील कर रहा है।

वन विभाग एहतियात कर रहा है लेकिन कोल्हान में हर पखवारे लोगों की मौत हो रही है और कुछेक घायल भी हुए हैं।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading