जमशेदपुर : गुड़ाबांदा प्रखंड की एक महिला की आंध्र प्रदेश में हुई मौत के मामले में पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने संवेदनशील पहल करते हुए पार्थिव शरीर को झारखंड लाने की व्यवस्था सुनिश्चित की है। समाचार पत्रों और सोशल मीडिया में मामला सामने आने के बाद उपायुक्त के निर्देश पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
मृतका पुड़गी मुर्मू, पिता बदेन मुर्मू, गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के मुचरीशोल गांव की निवासी थीं। उनका आकस्मिक निधन 13 जून 2026 को विशाखापट्टनम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर हो गया था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद श्रम विभाग के अधिकारियों ने राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), विशाखापट्टनम से समन्वय स्थापित किया। साथ ही आंध्र प्रदेश की सहयोगी संस्था माइग्रेंट असिस्टेंस एंड इंफॉर्मेशन नेटवर्क (MAIN) के माध्यम से मामले का सत्यापन कराया गया।
पोस्टमार्टम की सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को एम्बुलेंस से मृतका के गृह जिले भेजने की व्यवस्था की गई।
जिला प्रशासन ने मृतका के माता-पिता को मुख्यमंत्री झारखंड दुर्घटना कोष योजना के तहत स्वीकृत वित्तीय सहायता से संबंधित चेक की प्रति भी उपलब्ध करा दी है। प्रशासन की इस पहल पर ग्रामीणों ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।
स्टेट माइग्रेंट कंट्रोल रूम (SMCR) ने पूरी प्रक्रिया के दौरान शोकाकुल परिवार और संबंधित पुलिस प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा। सभी आवश्यक कानूनी और चिकित्सकीय प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद पुड़गी मुर्मू का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव भेज दिया गया है।
