Jamshedpur news : जमशेदपुर के बिष्टूपुर स्थित यूनाइटेड क्लब में लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322 (रीजन-1) के तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय ‘ज्ञानोदय’ प्रशिक्षण कार्यक्रम में 18 क्लबों के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को संगठन संचालन, नेतृत्व और वित्तीय प्रबंधन की महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम का नेतृत्व रीजन चेयरपर्सन लायन भरत सिंह ने किया। इसका उद्देश्य नए क्लब अध्यक्षों, सचिवों और कोषाध्यक्षों को उनके संगठनात्मक दायित्वों, नेतृत्व क्षमता और सेवा कार्यों की बारीकियों से अवगत कराना था। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त कैबिनेट सचिव लायन सारिका सिंह ने किया।
शुरुआत रीजन चेयरपर्सन एमजेएफ लायन भरत सिंह द्वारा बैठक की घोषणा के साथ हुई। इसके बाद जोन चेयरपर्सन डॉ. अशोक दास ने ध्वज वंदन कराया, जबकि लायन नेहा चौधरी ने ईश्वर वंदना प्रस्तुत की।
वैश्विक शांति के लिए एक मिनट का मौन रखने के बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर भरत सिंह ने सभी अतिथियों का शॉल और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
स्वागत भाषण में भरत सिंह ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इसके बाद डिस्ट्रिक्ट गवर्नर (इलेक्ट) लायन सुभ्रा मजूमदार ने ‘ज्ञानोदय’ की अवधारणा और उसके महत्व पर प्रकाश डाला। जीएलटी कोऑर्डिनेटर लायन राहुल वर्मा ने प्रशिक्षण फैकल्टी का परिचय कराया।
मुख्य प्रशिक्षण सत्रों में लायन राहुल वर्मा ने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारियों, लायन सिद्धार्थ मजूमदार ने सचिव पद की कार्यप्रणाली तथा लायन दीपक चौबे ने कोषाध्यक्षों को वित्तीय प्रबंधन और जवाबदेही संबंधी प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में रीजन-1 के अंतर्गत आने वाले 18 लायंस क्लबों के नए पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जोन-बी की चेयरपर्सन एमजेएफ लायन सुचित्रा रूंगटा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं लायन गणेश सिंह, लायन प्रकाश अरोड़ा और लायन दिनेश पुरी ने सदस्यता विस्तार, सेवा गतिविधियों के महत्व और प्रभावी बैठक संचालन के विषय में मार्गदर्शन दिया।
अंतिम सत्र में वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अपने विचार साझा किए और ओपन हाउस के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए।
जोन चेयरमैन डॉ. एस.के. रॉय के धन्यवाद ज्ञापन तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


