Jamshedpur news : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित कुंवर बस्ती में रविवार सुबह बच्चा चोरी की आशंका को लेकर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने संदिग्ध हालात में दो महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस दोनों महिलाओं से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, कुंवर बस्ती निवासी बालेश्वर बेरा अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान दो महिलाएं उनके घर में दाखिल हो गईं।
बालेश्वर बेरा का आरोप है कि दोनों महिलाएं उनके बच्चे को अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रही थीं। अचानक नींद खुलने पर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना फैलते ही क्षेत्र में भीड़ जमा हो गई। बच्चा चोरी के संदेह में लोगों ने दोनों महिलाओं को पकड़ लिया। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा उनके साथ मारपीट किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को भीड़ के बीच से सुरक्षित निकालकर थाना ले गई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिलाएं किस उद्देश्य से घर में घुसी थीं। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। वहीं पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, किसी निष्कर्ष पर जल्दबाजी में नहीं पहुंचने तथा कानून को अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की है।
