रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले में शनिवार को एक दर्दनाक खदान हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अरगड्डा क्षेत्र के गिद्दी स्थित सीसीएल की बंद कोयला खदान में अवैध खनन के दौरान जहरीली गैस के रिसाव और ऑक्सीजन की कमी के कारण मजदूरों की जान चली गई।
हालांकि प्रशासन की ओर से घटना में हुई मौतों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, कुछ मजदूर बंद पड़ी खदान में अवैध रूप से कोयला निकालने के लिए अंदर गए थे। इसी दौरान खदान के भीतर जहरीली गैस फैल गई और ऑक्सीजन का स्तर कम हो गया।
दो अन्य मजदूर अपने साथियों की खोज में अंदर पहुंचे, लेकिन वे भी प्रभावित होकर खदान में फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी मजदूरों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान देव कुमार बेदिया (25), डब्ल्यू बेदिया (26) निवासी छोटकी टोंगी, किशोर रवानी (26) तथा आशीष रजवार (29) के रूप में हुई है।
हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना ने एक बार फिर अवैध कोयला खनन की गंभीर समस्या और उससे जुड़े सुरक्षा जोखिमों को उजागर कर दिया है।
साथ ही यह सवाल भी खड़ा हो गया है कि अवैध खनन पर रोक लगाने में जिम्मेदार एजेंसियां आखिर क्यों विफल साबित हो रही हैं।

