जमशेदपुर : भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 12 और 13 जून को झारखंड के अधिकांश हिस्सों में जोरदार बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, यह बारिश जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत देगी, वहीं कुछ इलाकों में जलभराव और सामान्य जनजीवन पर अस्थायी असर भी पड़ सकता है।
12 जून को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, दुमका, जामताड़ा, देवघर, धनबाद, गिरिडीह और बोकारो जिलों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
वहीं दक्षिणी, उत्तर-पूर्वी तथा आसपास के मध्य भागों में वज्रपात के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। प्रभावित जिलों में धनबाद, बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग, रांची, खूंटी और रामगढ़ शामिल हैं।
राज्य के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने का अनुमान है।
13 जून को भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इस दिन दुमका, जामताड़ा, देवघर, धनबाद, साहिबगंज, पाकुड़ और गोड्डा जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा हो सकती है।
इसके अलावा उत्तर-पूर्वी और आसपास के मध्य जिलों में वज्रपात के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। राज्य के अन्य भागों में भी गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि वज्रपात और तेज हवाओं के समय पेड़ों के नीचे शरण न लें तथा यथासंभव घरों के भीतर ही रहें।
मौसम वैज्ञानिक लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। विशेष रूप से भारी वर्षा प्रभावित जिलों में निचले इलाकों में जलभराव और सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
