जमशेदपुर / रांची : झारखंड में भीषण गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य में हीट वेव नहीं चलने की संभावना जताई है। वहीं कई जिलों में गर्जन, वज्रपात, तेज हवा और हल्की बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
झारखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। बुधवार सुबह से ही जमशेदपुर, रांची समेत राज्य के कई इलाकों में आंशिक बादल छाए रहे, जिससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी और लू से राहत मिलेगी।
मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि वर्तमान में झारखंड के ऊपर से दो ट्रफ गुजर रहे हैं। पहला ट्रफ उत्तरी बिहार से तेलंगाना तक फैला हुआ है, जबकि दूसरा ट्रफ उत्तर प्रदेश से कोस्टल ओडिशा तक सक्रिय है। इन मौसमी सिस्टम के कारण राज्य में पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हवाओं का प्रभाव बढ़ा है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन, वज्रपात, तेज हवा और आंधी की स्थिति बन सकती है। साथ ही तापमान में भी और गिरावट आने की संभावना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले पांच दिनों तक राज्य के किसी भी हिस्से में हीट वेव यानी लू चलने की संभावना नहीं है।
हालांकि पलामू प्रमंडल के कुछ इलाकों में अब भी तापमान अधिक बना हुआ है। बुधवार को डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में 36.8 डिग्री और रांची में 37 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
राज्य के प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान : जमशेदपुर 36.8 डिग्री, रांची 37.0 डिग्री, बोकारो 36.2 डिग्री, चाईबासा 38.4 डिग्री, गुमला 40.3 डिग्री, हजारीबाग 39.0 डिग्री, खूंटी 35.8 डिग्री, लातेहार 35.4 डिग्री, पाकुड़ 30.3 डिग्री, सरायकेला 39.2 डिग्री और दुमका 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
