August 6, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

अब यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को नहीं बढ़ाया जाएगा, सरयू राय व रेल यात्री संघर्ष समिति की बैठक में रेल जीएम ने दिया निर्देश

अब यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को नहीं बढ़ाया जाएगा, सरयू राय व रेल यात्री संघर्ष समिति की बैठक में रेल जीएम ने दिया निर्देश

इस व्यवस्था की निगरानी के लिए एक अधिकारी की नियुक्ति होगी, अधिकारी प्रतिदिन समिति और प्रेस को रेल परिचालन की जानकारी देगा

जमशेदपुर : टाटानगर स्टेशन पर यात्री ट्रेनों की लगातार हो रही लेटलतीफी के खिलाफ आंदोलन चला रही रेल यात्री संघर्ष समिति के साथ बुधवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक की अहम बैठक हुई। संघर्ष समिति ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि लेटलतीफी बंद नहीं हुई तो रेल महाप्रबंधक का विरोध किया जाएगा। इसके बाद मंगलवार को चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ने विधायक सरयू राय को फोन कर जानकारी दी कि रेल महाप्रबंधक जमशेदपुर आ रहे हैं और समिति के साथ वार्ता करेंगे।

बुधवार दोपहर बाद रेल यात्री संघर्ष समिति के शिष्टमंडल और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच बैठक हुई। विधायक सरयू राय ने स्पष्ट रूप से कहा कि उनकी केवल एक ही मांग है कि टाटानगर में यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी बंद हो और यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को आगे बढ़ाने की व्यवस्था समाप्त की जाए।

रेल महाप्रबंधक ने समिति की मांग को स्वीकार करते हुए कहा कि अब यात्री ट्रेनों को खड़ा कर मालगाड़ियों को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को प्राथमिकता नहीं दी जाए।

बैठक के दौरान संघर्ष समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह ने पूछा कि इस आदेश के पालन की निगरानी कैसे होगी। इस पर रेल महाप्रबंधक ने चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक को निर्देश दिया कि जमशेदपुर में एक पूर्णकालिक जनसंपर्क निरीक्षक की नियुक्ति की जाए। यह अधिकारी ट्रेनों की लेटलतीफी और मालगाड़ियों को प्राथमिकता नहीं दिए जाने की निगरानी करेगा तथा प्रतिदिन रेल परिचालन से संबंधित जानकारी प्रेस और संघर्ष समिति को उपलब्ध कराएगा।

बैठक में विधायक सरयू राय ने यह भी बताया कि स्थानीय मेमू और पैसेंजर ट्रेनों की लेटलतीफी से व्यवसायियों, कर्मचारियों, छात्रों, दैनिक वेतनभोगी मजदूरों और आम यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि कई ट्रेनें चांडिल, कांड्रा, गम्हरिया और राखा माइंस जैसे नजदीकी स्टेशनों तक समय पर पहुंच जाती हैं, लेकिन वहां से टाटानगर तक 35 से 40 किलोमीटर की दूरी तय करने में चार से पांच घंटे लग जाते हैं।

इस पर रेल महाप्रबंधक ने कहा कि वे स्वयं प्रतिदिन इन ट्रेनों की समीक्षा करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि यात्री ट्रेनें समय पर टाटानगर पहुंचें।

बैठक के बाद विधायक सरयू राय ने रेल महाप्रबंधक और मंडल रेल प्रबंधक का धन्यवाद देते हुए कहा कि रेल यात्री संघर्ष समिति की सभी प्रमुख मांगें मान ली गई हैं। समिति फिलहाल रेलवे प्रशासन के आश्वासनों पर नजर रखेगी और स्थिति की समीक्षा के बाद आगे की रणनीति तय करेगी।

बैठक में रेल महाप्रबंधक के साथ अपर महाप्रबंधक, चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। वहीं संघर्ष समिति की ओर से विधायक सरयू राय, शिव शंकर सिंह, कन्हैया सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, अजय कुमार, नीरज सिंह, अमित शर्मा और राजीव सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading