परिजनों ने शिक्षिका और छात्र पर प्रताड़ना का लगाया आरोप, स्कूल गेट पर प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग
हजारीबाग : हजारीबाग स्थित Vivekananda Central School की छात्रा श्वेता कुमारी द्वारा अपने जन्मदिन के दिन आत्महत्या किए जाने की घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है। परिजनों ने स्कूल की शिक्षिका प्रतिभा सिंह और छात्र शैलेन्ज कुमार राणा पर मानसिक प्रताड़ना तथा आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने विद्यालय गेट के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान लोगों में गहरा आक्रोश देखा गया और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भी नाराजगी जाहिर की गई।
विद्यालय प्रबंधन ने जताई संवेदना
इधर विद्यालय प्रबंधन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संवेदना प्रकट की है। विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों की मानसिक स्थिति और गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने की अपील भी की है। प्रबंधन का कहना है कि बच्चों को भावनात्मक सहयोग और सुरक्षित वातावरण देना वर्तमान समय की बड़ी आवश्यकता है।
इलाके में तनाव का माहौल
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और जनाक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
