जमशेदपुर: भाकपा जिला कार्यकारिणी की बैठक में रविवार को केंद्र सरकार की नीतियों की जमकर खिंचाई हुई। वक्ताओं ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आम जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। घरेलू गैस और पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि से लोगों का जीवन प्रभावित हुआ है, वहीं पड़ोसी देशों के साथ संबंधों पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है और पूंजीपतियों को खुली छूट दी जा रही है।

भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी की पूर्व निर्धारित जिला कार्यकारिणी की बैठक रविवार को साकची स्थित आमबगान कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में राज्य परिषद् के पर्यवेक्षक कॉमरेड प्रमोद कुमार पांडे ने राष्ट्रीय एवं राज्य परिषद् के निर्णयों की जानकारी देते हुए केंद्र सरकार की विदेश नीति और बढ़ती महंगाई की आलोचना की।
उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आम जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। घरेलू गैस और पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि से लोगों का जीवन प्रभावित हुआ है, वहीं पड़ोसी देशों के साथ संबंधों पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है और पूंजीपतियों को खुली छूट दी जा रही है।
बैठक में जिला सचिव अंबुज कुमार ठाकुर ने जिला परिषद् की गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए राष्ट्रीय और राज्य परिषद् द्वारा घोषित आंदोलनात्मक कार्यक्रमों को जिले में प्रभावी ढंग से लागू करने का भरोसा दिलाया। वहीं कॉमरेड निगमानंद पॉल ने पार्टी का आय-व्यय और लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों को भी मंजूरी दी गई। निर्णय लिया गया कि 30 जून को हूल दिवस के अवसर पर हजारीबाग में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में जिले से प्रतिनिधिमंडल भाग लेगा। इसके अलावा 21 और 22 अगस्त को दुमका में प्रस्तावित आदिवासी सम्मेलन तथा 28 सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित “दिल्ली चलो” कार्यक्रम में भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इसके साथ ही अगस्त माह के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों में पदयात्रा निकालने और आम जनता के बीच कोष संग्रह अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता कॉमरेड भुवनेश्वर तिवारी ने की। इस अवसर पर घाटशिला, बहरागोड़ा, चाकुलिया, पटमदा और पोटका सहित विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में वक्ताओं ने 30 जून को हूल दिवस के अवसर पर हजारीबाग में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पूरे जोश के साथ शामिल होने की अपील की।
