July 24, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
ताज़ा खबर
खेल

बोकारो में राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए सरायकेला-खरसावां टीम का चयन, 25 खिलाड़ियों ने लिया भाग

बोकारो में राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए सरायकेला-खरसावां टीम का चयन, 25 खिलाड़ियों ने लिया भाग

गम्हरिया: झारखंड राज्य कुश्ती संघ के तत्वावधान में आगामी 7 एवं 8 जून को बोकारो में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए सरायकेला-खरसावां जिला कुश्ती संघ द्वारा शुक्रवार को चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता गम्हरिया स्थित टायो कॉलोनी में संपन्न हुई, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह थे। उनके साथ संघ के सचिव अखिलेश्वर प्रसाद, विशिष्ट अतिथि सुरेश नारायण चौधरी, प्रणव रॉय तथा भारतीय ट्राइबल मार्शल आर्ट झारखंड के महासचिव एवं सरायकेला-खरसावां जिला हॉकी संघ के सचिव अमित कुमार मोदक उपस्थित रहे। अतिथियों ने बजरंगबली के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

प्रतियोगिता के दौरान सुरेश नारायण चौधरी एवं प्रणव रॉय ने निर्णायक की भूमिका निभाई। चयन प्रक्रिया के तहत अंडर-23 एवं सीनियर वर्ग के पुरुष खिलाड़ियों के लिए फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन शैली के मुकाबले आयोजित किए गए। साथ ही महिला खिलाड़ियों का भी चयन किया गया। इस चयन प्रतियोगिता में कुल 25 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के समापन के बाद पुरुष वर्ग में प्राण दास, नीरज कुमार, देवाशीष सिंह, दीपक कुमार, पूर्ण शशि महतो, प्रसन मंडल और राजेश लोहार का चयन किया गया। वहीं महिला वर्ग से बबली टुडू, किरण टुडू, रूपमणि मुर्मू, चांदनी महाली, चंदना सिंह तथा तुलसी सोरेन को जिला टीम में जगह मिली।

जिला कुश्ती संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि चयनित सभी खिलाड़ी बोकारो में आयोजित राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में सरायकेला-खरसावां जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता के दौरान टीम के साथ कोच के रूप में प्रणव रॉय एवं सुरेश नारायण चौधरी मौजूद रहेंगे। चयनित खिलाड़ियों से जिले को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading