जमशेदपुर : घाटशिला स्थित सूरदा माइंस में कार्यरत मजदूरों ने संवेदक कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मजदूरों का कहना है कि श्रमिक अधिकारों उन्हें न्यूनतम मजदूरी, समुचित चिकित्सा सुविधा, दुर्घटना मुआवजा सहित श्रम कानूनों के तहत मिलने वाली कई बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। श्रमिक अधिकारों का उल्लंघन किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, Hindustan Copper Limited की सूरदा माइंस में खनन कार्य कर रही R.K. Enterprises Resource Private Limited के अधीन करीब 950 मजदूर कार्यरत हैं। मजदूरों का आरोप है कि कंपनी द्वारा श्रमिकों को उनके वैधानिक अधिकार और सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं, जिससे उनमें असंतोष बढ़ता जा रहा है।
अपनी मांगों को लेकर मजदूरों ने एक बैठक आयोजित की, जिसमें मजदूर नेता एवं आंदोलनकारी Bagarai Mardi भी शामिल हुए। बैठक में मजदूरों ने अपनी समस्याओं और मांगों को विस्तार से रखा। सर्वसम्मति से बागराई मार्डी को आंदोलन का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए बागराई मार्डी ने कहा कि मजदूरों की समस्याओं को लेकर जल्द ही कंपनी प्रबंधन से वार्ता की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मजदूरों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होगी।
मजदूरों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। ऐसे में यदि उनकी समस्याओं का जल्द निवारण नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
मजदूरों की शिकायत है कि संवेदन कंपनी से कई बार शिकायत किए जाने के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकल पा रहा है।
