July 24, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
ताज़ा खबर
खेल

पाकिस्तान के खिलाफ एनटीएचए के आशीष तानी पूर्ति का धमाका, चार गोल दाग भारत को एशिया कप फाइनल में पहुंचाया

पाकिस्तान के खिलाफ एनटीएचए के आशीष तानी पूर्ति का धमाका, चार गोल दाग भारत को एशिया कप फाइनल में पहुंचाया

जमशेदपुर : नवल टाटा हॉकी अकादमी (एनटीएचए) के कैडेट आशीष तानी पूर्ति ने अंडर-18 हॉकी एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ चार गोल दागे और भारत को फाइनल का टिकट दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

उनके बेहतरीन खेल की बदौलत भारतीय टीम ने हाई-वोल्टेज मुकाबले में पाकिस्तान को पराजित कर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली।

जापान के काकामिगहारा में खेले गए इस रोमांचक सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया। आशीष तानी पूर्ति ने विपक्षी रक्षा पंक्ति को लगातार भेदते हुए चार गोल किए और मैच के सबसे बड़े नायक बनकर उभरे। उनके दमदार प्रदर्शन के सामने पाकिस्तान की मजबूत डिफेंस भी बेबस नजर आई।

इससे पहले पूल चरण में चीनी ताइपे के खिलाफ हैट्रिक जमाकर चर्चा में आए आशीष ने सेमीफाइनल में अपने प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। दबाव भरे मुकाबले में उन्होंने जिस आत्मविश्वास और कौशल का प्रदर्शन किया, उसने भारतीय टीम की जीत की नींव मजबूत कर दी।

सर्कल के भीतर उनकी तेज मूवमेंट, सटीक फिनिशिंग और लगातार आक्रमण ने पाकिस्तान की रक्षापंक्ति को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। इस प्रदर्शन के साथ आशीष टूर्नामेंट के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं और भारतीय हॉकी की उभरती हुई युवा प्रतिभाओं में अपनी पहचान और मजबूत कर ली है।

एनटीएचए के प्रोजेक्ट डायरेक्टर गुरमीत सिंह राव ने आशीष की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि एशिया कप के सेमीफाइनल में पाकिस्तान जैसी मजबूत टीम के खिलाफ चार गोल करना असाधारण उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि यह पूरे देश और अकादमी के लिए गर्व का क्षण है। राव ने यह भी कहा कि एनटीएचए को उन दोनों खिलाड़ियों पर गर्व है, जो वर्तमान में अंडर-18 एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading