जमशेदपुर: साकची बाजार से पिछले सात दिनों से लापता बच्ची अफरीन की सकुशल बरामदगी को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता जेवा खान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि अफरीन अपने माता-पिता के साथ साकची बाजार गई थी, जहां से वह अचानक लापता हो गई। घटना के एक सप्ताह बाद भी बच्ची का कोई पता नहीं चल सका है। परिजनों और स्थानीय लोग चिंतित हैं।
जानकारी के अनुसार, बच्ची के गायब होने के तुरंत बाद उसके परिजनों ने साकची थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बावजूद अब तक पुलिस को कोई ठोस सफलता नहीं मिली है।
यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्ची रास्ता भटक गई थी या उसके साथ कोई अप्रिय घटना घटी है।
जेवा खान ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित करने, साकची बाजार और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच कराने तथा जांच की प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि लापता बच्चों के मामलों में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है, इसलिए पुलिस को हर संभव संसाधन का उपयोग करते हुए तेजी से कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र और प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों को जनहित में लोकतांत्रिक आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
वहीं, समर्पण सेवा प्रगति संस्था ने भी बच्ची अफरीन की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी की मांग करते हुए प्रशासन से मामले में संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई करने की अपील की है।
