बहरागोड़ा : बहरागोड़ा बाजार स्थित सीपीआई (एम) पार्टी कार्यालय परिसर में शुक्रवार को वामदलों ने संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन किया। राज्य कमिटी सदस्य स्वपन कुमार महतो और लोकल कमिटी सदस्य झंटू मुंडा के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में सीपीआई (एम) पोलित ब्यूरो सदस्य एवं विपक्ष के नेता कॉमरेड पिनराई विजयन के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी का कड़ा विरोध जताया गया। नेताओं ने इसे केंद्र सरकार की राजनीतिक प्रतिशोध और बदले की कार्रवाई करार दिया।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी दलों और खासकर वामपंथी नेताओं को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा यह भ्रम न पाले कि ऐसी कार्रवाइयों से वामपंथी आंदोलन को कमजोर किया जा सकता है। आपातकाल से लेकर अब तक विजयन और वामपंथी ताकतों के खिलाफ हुई हर साजिश को जनता ने नाकाम किया है।
नेताओं ने भाजपा और कांग्रेस के बीच अंदरूनी सांठगांठ का भी आरोप लगाया। उनका कहना था कि केरल में विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशन की प्रधानमंत्री से मुलाकात के अगले ही दिन ईडी की छापेमारी होना और राहुल गांधी द्वारा लगातार विजयन की गिरफ्तारी की मांग करना इस राजनीतिक दुर्भावना को दर्शाता है।
वामदलों के नेताओं ने कहा कि हिमंत बिस्वा सरमा, शुभेंदु अधिकारी और अशोक चव्हाण जैसे कई दागी नेता केंद्रीय एजेंसियों के दबाव में भाजपा में शामिल हो गए, लेकिन वामपंथी कार्यकर्ता संघ परिवार की धमकियों के आगे कभी नहीं झुकेंगे। उन्होंने कहा कि ईडी के मामलों में बेहद कम सजा दर होने के बावजूद विपक्ष को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि सीएमआरएल से जुड़े वीआईपी आरोपियों को बचाया जा रहा है।
वामदलों ने इस कार्रवाई के खिलाफ देशभर में शुरू हो रहे जनविरोध का समर्थन करते हुए झारखंड के सभी वर्गों से एकजुट होकर राज्यभर में विरोध प्रदर्शन आयोजित करने की अपील की। प्रदर्शन में अभिजीत जाना, रेवती सिंह मुंडा, तारकेश्वर घोष, तपन विशाल, राजकुमार दुबे, साधन नायेक, तपन नायेक, पागलु मुंडा, मानिक चांद मुंडा, गौरांग पाईकिरा, भीमानंद महतो और रवि बेहरा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
