राजनगर : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह डीवीसी के समीप आयरन लदे दो ट्रेलरों की भीषण भिड़ंत में एक चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरे वाहन का चालक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब छह बजे जमशेदपुर की ओर से चाईबासा जा रहा आयरन लदा एक ट्रेलर सामने से आ रहे दूसरे आयरन लदे ट्रेलर से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक वाहन का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसके अंदर बुरी तरह फंस गया।
सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान ओडिशा के क्योंझर जिले के घटगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत अर्जुनबिला गांव निवासी चक्रधर गिरी के रूप में हुई है। वहीं दूसरे ट्रेलर का चालक भी घायल हुआ है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह इलाज के लिए दूसरे वाहन से चाईबासा रवाना हो गया। दुर्घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कराई।

मृतक के शव को फिलहाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर में रखा गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती स्तर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
