August 31, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
हिंदी

जमशेदपुर में हाइवा की चपेट में आने से टाटा मोटर्स के कर्मचारी की मौत, विरोध में सड़क जाम

जमशेदपुर में हाइवा की चपेट में आने से टाटा मोटर्स के कर्मचारी की मौत, विरोध में सड़क जाम

जमशेदपुर, 15 जून (आईएएनएस)। जमशेदपुर के परसूडीह थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसे में टाटा मोटर्स कारखाने में काम करने वाले 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और कुछ समय के लिए यातायात बाधित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान चांदनी चौक निवासी सुमित मुंडा के रूप में हुई है। वह सोमवार सुबह साढ़े पांच बजे बाइक से टाटा मोटर्स में ड्यूटी के लिए जा रहा था। इसी दौरान सलगाजूड़ी हनुमान मंदिर के पास पीछे से आ रहे एक हाइवा ने ओवरटेक करने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस दौरान सुमित की बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई और वह हाइवा के पहिए की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। हालांकि स्थानीय लोगों ने वाहन को मौके पर ही रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर परसूडीह थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। युवक की मौत से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए दोषी चालक की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को मुआवजा और इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि संकरी सड़क पर भारी वाहनों के लगातार परिचालन के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं लेकिन इसे रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया और बाद में जाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

एसएनसीपीएम

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading