जमशेदपुर : नशापान के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य सरकार के निर्देश पर जिले में 10 जून से 25 जून तक विशेष नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत सोमवार को समाहरणालय परिसर से उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने संयुक्त रूप से नशा मुक्ति जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों, शहरी क्षेत्रों, विद्यालयों और महाविद्यालयों का भ्रमण करेगा। रथ के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि युवा शिक्षा, खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर सकारात्मक जीवन की दिशा में आगे बढ़ें।
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में जनभागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। समाज के सभी वर्गों को इस अभियान से जुड़कर नशा उन्मूलन के प्रयासों को मजबूत करना चाहिए और नशामुक्त वातावरण के निर्माण में सहयोग देना चाहिए।
अभियान के दौरान जागरूकता रथ के माध्यम से प्रचार सामग्री का वितरण, ऑडियो संदेशों का प्रसारण, नुक्कड़ कार्यक्रमों का आयोजन तथा अन्य जनसंपर्क गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
इन माध्यमों से आमजन को नशे से होने वाली सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी हानियों की जानकारी दी जाएगी तथा नशामुक्त जीवन के लाभों से अवगत कराया जाएगा।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और एक स्वस्थ, सुरक्षित तथा जागरूक समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।
