परिवार के साथ अपनी बेटी से मिलने पुणे गए हैं बिपिन कुमार झा
आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित जनता रो हाउस कॉलोनी में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोर करीब 3.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 70 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, जनता रो हाउस कॉलोनी के मकान संख्या-268 में रहने वाले बिपिन कुमार झा, जो आदित्यपुर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में सीनियर अकाउंटेंट हैं, इन दिनों परिवार के साथ अपनी बेटी से मिलने पुणे गए हुए हैं।
उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाते हुए चोरों ने मकान की चहारदीवारी फांदकर मुख्य दरवाजे का ताला काट दिया और घर में प्रवेश कर गए।
इसके बाद बदमाशों ने घर के भीतर रखी अलमारियों के लॉकर तोड़कर उनमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। बुधवार दोपहर एक राहगीर की नजर घर के खुले मुख्य गेट और टूटे ताले पर पड़ी। उसने इसकी सूचना गृहस्वामी के रिश्तेदारों को दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि घर के कमरों का सामान बिखरा पड़ा है और अलमारियों के लॉकर टूटे हुए हैं। इसके बाद उन्होंने फोन पर गृहस्वामी और आरआईटी थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि गृहस्वामी के पुणे से लौटने के बाद ही चोरी गए सामान और कुल नुकसान का सटीक आकलन हो सकेगा।
इधर, स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि कॉलोनी के समीप स्थित नगर निगम पार्क में शाम होते ही नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है।
उनका आरोप है कि नियमित पुलिस गश्त नहीं होने के कारण क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था कमजोर पड़ गई है, जिससे अपराधियों के हौसले बढ़े हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इलाके में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
