चाकुलिया: पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया रेलवे स्टेशन पर सोमवार देर शाम एक बड़ा रेल हादसा टल गया। स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-4 पर खड़ी कोयला लदी मालगाड़ी की एक बोगी में अचानक आग लग गई। समय रहते धुआं दिखाई देने पर सूचना मिलने से रेलवे प्रशासन हरकत में आया और कई एजेंसियों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्लेटफॉर्म पर मौजूद एक यात्री ने मालगाड़ी की एक बोगी से धुआं निकलते देखा। उसने तत्काल इसकी जानकारी स्टेशन प्रबंधक केआर मुर्मू को दी। सूचना मिलते ही स्टेशन प्रशासन ने बिना देर किए बहरागोड़ा अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन प्लेटफॉर्म तक उचित रास्ता नहीं होने के कारण दमकल वाहन का पाइप घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका। इससे शुरुआती प्रयासों में आग बुझाने में काफी परेशानी हुई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्टेशन प्रबंधक ने नगर पंचायत के प्रशासक मोटाय बानरा से संपर्क किया। इसके बाद नगर पंचायत की ओर से तत्काल पानी का टैंकर स्टेशन भेजा गया।
पानी की उपलब्धता होने पर रेलवे कर्मचारियों और दमकल कर्मियों ने संयुक्त रूप से काफी देर तक मशक्कत की और आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित मालगाड़ी चक्रधरपुर से कोयला लेकर पश्चिम बंगाल के गोकुलपुर की ओर जा रही थी। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। हालांकि समय रहते आग बुझा दिए जाने से किसी तरह की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। रेलवे प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।
